लखनऊ। गुडंबा के गायत्रीपुरम निवासी कृषि विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी नारायण वर्मा और उनके साढ़ू बृजेंद्र सिंह से 59.46 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को गुडंबा थाने में छह आरोपियों और एक कंपनी के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।


नारायण वर्मा के मुताबिक, घर के सामने रहने वाले मनोज शर्मा ने एक साल पहले उनकी मुलाकात गौरव शुक्ला, अनुज, उसकी पत्नी प्रिया, सतीश और नीरज से कराई थी। आरोपियों ने पोर्टक्योर कैप कंपनी समेत अन्य योजनाओं में निवेश पर हर महीने 7.5 प्रतिशत मुनाफे का लालच दिया। झांसे में आकर उन्होंने 40.46 लाख रुपये निवेश किए। हालांकि, उन्हें न मुनाफा मिला और न मूल रकम वापस हुई। इसी तरह बृजेंद्र सिंह के भी 19 लाख रुपये हड़प लिए गए। पुलिस से शिकायत पर सुनवाई होने पर दोनों ने कोर्ट की शरण ली। एसीपी गाजीपुर के अनुसार, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पीड़ितों से दस्तावेज मांगे हैं। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link