रायबरेली। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है, जिससे यात्री वैष्णो देवी की यात्रा कर सकेंगे। जिले से गुजरने वाले इस ट्रेन से यहां के निवासियों को भी सफर करने की सुविधा मिल सकेगी। यह ट्रेन 23 जून को रायबरेली से होते हुए वैष्णो देवी जाएगी और 25 जून को लौटेगी। लोहता रेलवे स्टेशन और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चलने वाली यह समर स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं से एक-एक फेरा लगाएगी। लोहता से यह समर स्पेशल ट्रेन 23 जून को शाम 4.15 बजे प्रस्थान करेगी, जो उसी दिन रायबरेली आएगी। अगले दिन शाम 7.50 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी। यही समर स्पेशल ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी कटरा से 24 जून को रात 11.20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रायबरेली होते हुए मध्यरात्रि 12.45 बजे लोहता पहुंचेगी। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि एसी, स्लीपर, सामान्य श्रेणी के डिब्बों वाली यह स्पेशल रेलगाड़ी रास्ते में रायबरेली के साथ ही प्रतापगढ़, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, यमुना नगर, जगाधरी, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तवी, ऊधमपुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।
रायबरेली। गर्मी के मौसम में गाड़ियों की लेटलतीफी यात्रियों की पसीने छुड़ा रही है। सभी ट्रेनें रोजाना देर से आ रही हैं। बृहस्पतिवार को भी गाड़ियां लेट रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस सवा चार घंटे, दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल दो घंटे, देहरादून से बनारस जाने वाली जनता मेल पौने दो घंटे देर से आई। ऐसा ही हाल दूसरी ट्रेनों का भी रहा। गर्मी की छुट्टियां खत्म होने वाली हैं, इसलिए हर कोई छुट्टी से लौटने लगा है। इससे यात्रियों की भीड़ भी बढ़ी है, लेकिन ट्रेनों की लेटलतीफी ने परेशान कर दिया है। संवाद
