झांसी। गुरसराय थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद बीए की छात्रा की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को घटना का खुलासा किया। पुलिस लाइन में मीडिया से एसएसपी विकास कुमार ने बताया कि एक बाल अपचारी ने सामुदायिक केंद्र में छात्रा से दुष्कर्म किया था, जबकि उसका दोस्त बाहर निगरानी कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों के मेडिकल परीक्षण, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना का खुलासा करने की बात कही है।

एसएसपी ने बताया कि 19 वर्षीय छात्रा और 16 वर्षीय बाल अपचारी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। छात्रा के घरवालों ने उसकी शादी तय कर दी थी। इसी बात को लेकर 20 सितंबर को उसने किशोर को गांव के सामुदायिक केंद्र में बुलाया था। किशोर अपने दोस्त को बाहर निगरानी के लिए खड़ा कर छात्रा के साथ कमरे के अंदर चला गया। छात्रा ने उसे बताया कि उसकी शादी तय हो चुकी है, लेकिन वह उससे शादी करना चाहती है। बातचीत के दौरान किशोर ने छात्रा से दुष्कर्म किया।

एसएसपी के मुताबिक, इसी दौरान तीन ग्रामीण सामुदायिक केंद्र पर पहुंच गए। इसकी सूचना बाहर निगरानी कर रहे दोस्त ने किशोर को दी। इसके बाद किशोर और छात्रा केंद्र से बाहर आए तो ग्रामीणों ने दोनों को देख लिया। अगले दिन यह बात गांव में फैल गई। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की शाम को छात्रा ने जहर निगल लिया। 22 सितंबर को सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके बाद मृतका के भाई ने छह लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया था।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने दोनों बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। नामजद चार अन्य नाबालिग आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। दोनों को शुक्रवार को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।

मोबाइल पर गेम खेलने के लिए दोस्त को बुलाया था

पुलिस के मुताबिक, बाल अपचारी ने पूछताछ में बताया कि उसने 20 सितंबर को दोपहर बाद करीब तीन बजे अपने दोस्त को मोबाइल पर गेम खेलने के लिए बुलाया था। दोनों गेम खेल रहे थे, तभी छात्रा वहां पहुंची। वह उसे बातचीत के लिए सामुदायिक केंद्र के अंदर ले गई। किशोर ने अपने दोस्त को बाहर निगरानी के लिए खड़ा कर दिया और कहा कि किसी के आने पर उसे फोन कर दे। इसके बाद उसने छात्रा से दुष्कर्म किया।

फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य

घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी लगाया गया। पुलिस के मुताबिक, टीम ने सामुदायिक केंद्र से घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाए। मौके की फोटो और वीडियोग्राफी भी कराई गई है। साक्ष्यों को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच के लिए डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इसके साथ ही अन्य वैज्ञानिक जांच भी कराई जा रही है।

गर्भ निरोधक वस्तु का होगा डीएनए मिलान, जरूरत पर पॉलीग्राफी टेस्ट

गुरसराय थाना क्षेत्र में छात्रा से दुष्कर्म के बाद माैत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। एसएसपी विकास कुमार ने बताया कि घटनास्थल से गर्भ निरोधक वस्तु मिली है। इसे डीएनए मिलान के लिए भेजा जाएगा। घटनास्थल से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों की भी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।

एसएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर किसी तरह की चोट की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की जांच में छात्रा और 16 वर्षीय मुख्य आरोपी के बीच मित्रता की पुष्टि हुई है। दूसरा बाल अपचारी 17 वर्षीय है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जरूरत पड़ने पर आरोपियों का पॉलीग्राफी टेस्ट भी कराया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *