निचलौल। जिस मां की गोद में ढाई माह की शिवांगी को किलकारियां भरनी थीं, उसी मां का साया उसके सिर से हमेशा के लिए उठ गया। अब मासूम अपनी नानी की गोद में मां का प्यार तलाश रही है। बेटी को खोने के गम के बीच नातिन के भविष्य की चिंता नानी पूनम चौधरी को भीतर तक तोड़ रही है। निचलौल क्षेत्र के पिपरा काजी गांव निवासी अनुष्का चौधरी (20) की शादी ढाई साल पहले घुघली क्षेत्र के हरपुर महंथ निवासी सोनेलाल चौधरी से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अनुष्का को प्रताड़ित करता था। आए दिन मारपीट और विवाद से वह परेशान रहती थी। 22 नवंबर को भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी।


इसके बाद सोनेलाल अपने घर लौट गया लेकिन फोन पर दोनों के बीच कहासुनी जारी रही। मंगलवार शाम करीब चार बजे अनुष्का ने अपनी ढाई माह की बेटी शिवांगी को पालने के झूले में सुलाया और कमरे में जाकर छत की कुंडी से साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी।



Source link