श्रावस्ती। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिनगा में ‘संविधान से संवाद’ विषय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी गई। प्राधिकरण की सचिव अनुप्रिया ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता और शिक्षा सहित विभिन्न अधिकारों के बारे में बताया। पैनल अधिवक्ता अशोक कुमार शर्मा ने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देते हुए छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। डिप्टी चीफ एलएडीसी जगदंबा त्रिपाठी ने समानता के अधिकार और निशुल्क विधिक सहायता के बारे में बताया। इस मौके पर प्रधानाचार्य एकता यादव, सीमा यादव, प्रतिभा मिश्रा, रेनू यादव, दयाराम, माला शर्मा और किरन चौरसिया सहित अन्य मौजूद रहीं।
