सोनौली। उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित पवित्र गंगोत्री धाम से लाया गया गंगाजल शनिवार दोपहर सोनौली सीमा पहुंचा। यहां कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद पवित्र गंगाजल को नेपाल के भैरहवा होते हुए काठमांडो स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर के लिए रवाना किया गया। इसी गंगाजल से पूरे वर्ष भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, गंगोत्री धाम हिमालय से शुरू हुई यह पवित्र कलश यात्रा हरिद्वार से रवाना होकर मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ और गोरखपुर होते हुए सोनौली पहुंची। भारत-नेपाल सीमा पार करने के बाद यात्रा भैरहवा पहुंची, जहां से इसे काठमांडू ले जाया जाएगा। इस धार्मिक यात्रा को लेकर बेलहिया सीमा में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
यात्रा से जुड़े रवि पारिख ने बताया कि पशुपतिनाथ मंदिर के समस्त पदाधिकारियों की ओर से भगवती गंगा का स्वागत किया जाएगा। विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना के साथ भगवान पशुपतिनाथ का पवित्र गंगाजल से जलाभिषेक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश जी महाराज इस पवित्र जल से भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक करेंगे। सोनौली कोतवाल विशाल शुक्ला ने बताया कि धार्मिक यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पवित्र गंगाजल के कलश को सोनौली सीमा से सुरक्षित नेपाल के लिए रवाना किया गया।
