महराजगंज। महराजगंज-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण अब जाम का सबसे बड़ा कारण बन गया है। दिन में बेतरतीब पार्किंग और रात में मैरिज हॉल संचालकों की मनमानी से हाईवे पर दिन-रात जाम की दुश्वारी बनी हुई है। शहर में पार्किंग की व्यवस्था न होने से सर्विस लेन से लेकर मुख्य हाईवे तक वाहन स्टैंड में तब्दील हो गया है।

शहर के भीतर स्टेट बैंक मुख्य शाखा से सदर ब्लॉक तक एनएच की दोनों पटरियों पर दिनभर कारों की कतार लगी रहती है। खरीदारी करने आने वाले लोग मजबूरी में सड़क किनारे ही वाहन खड़ा कर देते हैं। बलिया नाला पुल, हनुमानगढ़ी, बैकुंठपुर, सदर कोतवाली और ब्लॉक तिराहे के पास दिन में कई बार जाम लगता है।

ट्रैफिक पुलिस रोजाना चालान करती है लेकिन कार्रवाई के कुछ देर बाद फिर वहीं हालात बन जाते हैं। शादी का सीजन शुरू होते ही रात में हालात और बिगड़ गए हैं।

शहर के आधा दर्जन से अधिक मैरिज हॉल सीधे हाईवे से सटे संचालित हो रहे हैं। इनमें अरोमा गार्डेंस एंड बैंक्वेट हॉल, नारायण वाटिका, यशर्थ पैलेस, द रामायण बैंक्वेट हॉल समेत परतावल-भटहट रोड पर द फैमिली रिसॉर्ट, द फाउंटेन रिसॉर्ट, प्रतिमा पैलेस जैसे बड़े लॉन शामिल हैं। अधिकांश के पास पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं है।

शाम होते ही बढ़ती है भीड़ ः शाम होते ही इन हॉलों के बाहर बारातियों के वाहन सड़क पर खड़े होने लगते हैं। सड़क की एक लेन पूरी तरह घिर जाती है। बरात निकलते ही एनएच पर रफ्तार थम जाती है। बैंड-बाजा, डीजे और आतिशबाजी के साथ सड़क के बीचों-बीच नाचते बारातियों से दोनों लेन पर जाम लग जाता है।



Source link