कोतवाली क्षेत्र के गांव परौंखा में घर में घुसकर गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने दंपती को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पति पर धारदार हथियार से वार किए गए। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
गांव परौंखा निवासी सीमा देवी ने बताया कि 26 नवंबर की शाम करीब छह बजे वह और पति रामलड़ैते घर पर थे। इसी दौरान गांव के रहने वाले मोहित, अजब, छुटई और अजीत घर पर आए और बेवजह गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी हमलावर हो गए। उन्हें और पति को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने पति पर धारदार हथियार से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्रित होता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। कोतवाली पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद घायल दंपती का मेडिकल कराया। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
