{“_id”:”6b01dd1268982c2007025967″,”slug”:”blos-will-go-door-to-door-to-enroll-eligible-people-in-the-list-mainpuri-news-c-174-1-ag11004-171427-2026-11-21″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Mainpuri News: पात्रों के नाम सूची में दर्ज करने घर-घर जाएंगे बीएलओ”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

फोटो 23 मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम एक बूथ पर जानकारी लेते हुए। स्रोत प्रशासन
मैनपुरी। मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में जनपद का कोई भी पात्र नागरिक नाम शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सत्यापन करें और परिवार के मुखिया से संवाद कर सभी वयस्क सदस्यों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने की जानकारी लें। यह निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने शनिवार को विशेष बूथ दिवस पर मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान दिए।उन्होंने मैनपुरी और करहल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ को जेंडर रेशियो और एपिक रेशियो में सुधार के निर्देश दिए। कहा कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से फार्म-6 भरवाकर ऑनलाइन आवेदन कराएं। नाम, पता, आयु और लिंग संबंधी त्रुटियों को भी निर्धारित फार्म से ठीक कराया जाए। कार्य में लापरवाही पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।आवास विकास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में कार्यकर्ता सुदामा और संतोषी अनुपस्थित मिलीं। कक्ष में पोषाहार भरा होने और बच्चों के बैठने की उचित व्यवस्था न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। दोनों कार्यकर्ताओं का मानदेय रोकने के निर्देश दिए। वहीं, विद्यालय कक्ष पर अनधिकृत कब्जे को हटवाकर सामान की नीलामी कराने और विद्यालय के प्रवेश द्वारों पर गेट लगवाने के निर्देश भी दिए।
एसडीएम ने घर-घर जाकर किया मतदाता सूची पुनरीक्षण : किशनी।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नवनीता राय ने बीएलओ के साथ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया। उन्होंने लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और विवरणों में संशोधन कराने की जानकारी दी। इस दौरान नए मतदाताओं से संपर्क कर उनके पहचान पत्र और फोटो लेकर आवेदन प्रक्रिया समझाई। एसडीएम ने बताया कि नए नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जाता है। उन्होंने बीएलओ को पारदर्शिता से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान अमित यादव, योगिता गौतम और रिहाना बेगम मौजूद रहीं।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए किया आवेदन : भोगांव।
मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए शनिवार को नगर के मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया गया। नेशनल इंटर कॉलेज, कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज और कंपोजिट विद्यालय छोटा बाजार सहित अन्य बूथों पर सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किए। बीएलओ सुबह 10 से शाम चार बजे तक बूथों पर मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी पीयूष जायसवाल ने बूथों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि रविवार को भी विशेष अभियान चलेगा। नागरिक जरूरी अभिलेखों के साथ बूथ पर पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं।
