झांसी। साहित्यकार महादेवी वर्मा की साहित्यिक कृतियों के अनधिकृत पुनर्मुद्रण और बिक्री का मामला सामने आया है। सेतु प्रकाशन के प्रोपराइटर आशीष कुमार गुप्त ने न्यायालय में आवेदन दाखिल कर कॉपीराइट उल्लंघन का आरोप लगाया है। उन्होंने ऐसी रचनाओं के अनधिकृत मुद्रण, प्रकाशन, बिक्री और वितरण पर रोक लगाने की मांग की है।

जिला न्यायालय में दाखिल आवेदन के अनुसार, वादी का दावा है कि महादेवी वर्मा की साहित्यिक कृतियों के प्रकाशन और कॉपीराइट से जुड़े अधिकारों का उल्लंघन किया जा रहा है। आरोप है कि उनकी रचनाओं को बिना अनुमति अलग-अलग संस्करणों में प्रकाशित और वितरित किया जा रहा है। इससे कॉपीराइट धारक को आर्थिक नुकसान हो रहा है।

प्रार्थनापत्र में 12 पुस्तकों का विवरण भी दिया गया है। इसमें फूल के रंग, अतीत के चलचित्र, स्मृति की रेखाएं, नीरजा, दीपशिखा, हिमालय, मेरा परिवार, स्मृति चित्र, सप्तपर्णा, शृंखला की कड़ियां सहित अन्य रचनाएं शामिल हैं। दाखिल दस्तावेज के पृष्ठ नौ पर दिए गए विवरण के मुताबिक, इन पुस्तकों के विभिन्न संस्करणों का कुल 68 बार पुनर्मुद्रण होने का दावा किया गया है।

वादी ने न्यायालय से मांग की है कि संबंधित प्रतिवादियों को महादेवी वर्मा की पुस्तकों का बिना अनुमति मुद्रण, प्रकाशन, बिक्री और वितरण करने से रोका जाए। साथ ही कथित रूप से अनधिकृत रूप से प्रकाशित पुस्तकों को जब्त करने और कॉपीराइट कानून के तहत क्षतिपूर्ति दिलाने की भी मांग की गई है।



Source link