Mainpuri News: ब्लॉक जागीर क्षेत्र में कुसमरा-मैनपुरी मार्ग स्थित नगला बलसिंह चौराहे से भारापुर जाने वाला करीब पांच किमी लंबा संपर्क मार्ग एक साल से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। वहीं डामर और गिट्टी उखड़ने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कई बार मांग के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। नगला बल सिंह से भारापुर जाने वाले मार्ग से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। स्कूली बच्चे भी इसी मार्ग से साइकिल और अन्य वाहनों से विद्यालय जाते हैं। सड़क पर गड्ढे और उखड़ी बिखरी गिट्टी होने से सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है।

जरा सी चूक होने पर बाइक और साइकिल सवार फिसलकर चोटिल हो सकते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग से गुजरते समय कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं।क्षेत्रीय निवासी सुग्रीव सिंह, तिलक सिंह, अमोद कुमार, प्रमोद कुमार, बंटी, शीलू यादव, अशोक, राजेश, शिवम, विकास, संजय, मिथिलेश, भूरे, ईश्वर दयाल, नवरत्न सिंह, संतोष कुमार, गंभीर सिंह, साहब सिंह और गोपाल सिंह का कहना है कि करीब एक वर्ष से सड़क की हालत खराब है। रात के समय इस मार्ग से गुजरना और भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने डीएम से सड़क की मरम्मत की मांग की है।



Source link