Khabarwala 24 News Mathura: Mathura News उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक शादी समारोह के दौरान अनोखा नजारा देखने को मिला। सुरीर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला फौदा में दो दूल्हों की घुड़चढ़ी के दौरान उनके जीजा ने ऐसा तोहफा दिया कि समारोह में मौजूद लोग देखते रह गए। राजस्थान से आए जीजा ने अपने दोनों सालों को 500-500 रुपये के नोटों से तैयार विशाल मालाएं पहनाईं। दावा किया जा रहा है कि प्रत्येक माला की कीमत एक करोड़ रुपये है और इनकी लंबाई करीब 100 फीट है। नोटों की इन मालाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दो सालों की घुड़चढ़ी में जीजा का अनोखा तोहफा (Mathura News)
जानकारी के अनुसार, गांव नगला फौदा निवासी ठाकुर योगेंद्र सिंह और कुशलपाल के पुत्र प्रशांत एवं कान्हा राघव की शनिवार को घुड़चढ़ी निकाली गई थी। दोनों की शादी गोवर्धन स्थित एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस की युवतियों के साथ होनी है।
शादी समारोह में राजस्थान के कामां क्षेत्र के गांव नंदोली निवासी उनके जीजा योगेश कुमार ठाकुर भी पहुंचे थे। उन्होंने अपने दोनों सालों को खास अंदाज में शादी का तोहफा देने का फैसला किया। इसके तहत उन्होंने दोनों दूल्हों के गले में 500-500 रुपये के नोटों से बनी विशाल मालाएं पहनाईं।
– Advertisement –
100 फीट लंबी मालाओं को संभालना हुआ मुश्किल (Mathura News)
घुड़चढ़ी के दौरान दोनों दूल्हे जब इन विशाल मालाओं को पहनकर निकले तो वहां मौजूद रिश्तेदारों और ग्रामीणों की निगाहें उन पर टिक गईं। मालाओं की लंबाई करीब 100 फीट बताई जा रही है। इतनी लंबी मालाओं को संभालने में भी लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। समारोह में मौजूद लोगों ने इस अनोखे नजारे का वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया गया कि दोनों दूल्हे भारतीय किसान यूनियन (भानु) के किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं। दोनों मार्बल और पत्थर के शोरूम का संचालन करते हैं।
करोड़ों की मालाओं के दावे पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल (Mathura News)
नोटों की विशाल मालाओं को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं के साथ अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। कुछ ग्रामीणों ने इस तरह खुलेआम धन का प्रदर्शन करने पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि लक्ष्मी का इस तरह प्रदर्शन करना उचित नहीं है।
वहीं, कुछ लोगों ने मालाओं की कीमत को लेकर भी संदेह जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी लंबी मालाएं लाखों रुपये की हो सकती हैं, लेकिन प्रत्येक माला की कीमत एक करोड़ रुपये होने के दावे पर विश्वास करना मुश्किल है। उनका मानना है कि सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरने के लिए मालाओं की कीमत को बढ़ा-चढ़ाकर बताया जा रहा हो सकता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो (Mathura News)
फिलहाल मथुरा के गांव नगला फौदा में हुई इस घुड़चढ़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कोई इसे जीजा का अपने सालों के प्रति प्यार और शाही तोहफा बता रहा है तो कोई इसे पैसे का अनावश्यक प्रदर्शन मान रहा है। वहीं, नोटों की मालाओं की वास्तविक कीमत को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा जारी है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।
