Mathura News: विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बुधवार को राजीव भवन में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD-2027) के तहत PPT राउंड चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में जनपद के चयनित युवा प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में युवाओं ने पीपीटी के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना, देश के भविष्य, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रभावशाली तरीके से सामने रखा। प्रतिभागियों ने अपनी योजनाओं और नए विचारों के जरिए बताया कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवा किस प्रकार योगदान दे सकते हैं।प्रतियोगिता का मूल्यांकन करने के लिए डॉ. शालिनी, डॉ. दीन दयाल, प्रवक्ता राजकीय महाविद्यालय मांट तथा जिला चिकित्सालय की मनोचिकित्सक डॉ. नीतू सिंह निर्णायक मंडल में शामिल रहीं। निर्णायकों ने निर्धारित मानकों के आधार पर प्रतिभागियों के प्रस्तुतिकरण का मूल्यांकन किया। इसमें प्रथम समूह से तन्वी सारस्वत और द्वितीय समूह से कुणाल वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वीप (SVEEP) के तहत मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया गया। युवाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी और पात्र नागरिकों के मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा स्व-जनगणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया, उद्देश्य और महत्व की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम के प्रभारी क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रवि बाबू शर्मा रहे। आयोजन में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी स्वाति पाण्डेय और अर्जुन कंसाना तथा कनिष्ठ सहायक राहुल कुलश्रेष्ठ का विशेष सहयोग रहा।आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और नवाचारपूर्ण सोच प्रदर्शित करने का मंच मिला। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी आगामी चरण में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
