Mathura News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन से जुड़े स्वामी सच्चिदानंद ने आगामी 6 दिसंबर को शौर्य दिवस के अवसर पर मथुरा में कार सेवा करने का दावा किया है। मीडिया को दिए बयान में उन्होंने कहा कि इस आयोजन के लिए देशभर में तैयारियां की जा रही हैं। इसके तहत देश को पूरब, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण चार दिशाओं में बांटकर अलग-अलग दलों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए पांचवां स्वरूप ब्रज में रहेगा।
स्वामी सच्चिदानंद के मुताबिक चारों दिशाओं से आने वाले दलों के नाम महाभारत के पात्र नकुल, सहदेव, अर्जुन और भीम के नाम पर रखे गए हैं। ये दल अपने-अपने क्षेत्रों से समर्थकों और साथियों के साथ मथुरा की ओर रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि संत-महापुरुष युधिष्ठिर की भूमिका में रहकर व्यवस्थाओं, प्रवेश मार्गों और आयोजन से जुड़ी तैयारियों के संबंध में मार्गदर्शन करेंगे।उन्होंने कहा कि 6 दिसंबर शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। अयोध्या में रामलला से जुड़े घटनाक्रम के कारण इस तिथि का विशेष महत्व है। इसी वजह से संतों और लोगों में आयोजन को लेकर उत्साह है। उनके दावे के अनुसार, इस बार मथुरा में करीब एक से सवा लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है।
स्वामी सच्चिदानंद ने बताया कि 9 अगस्त के बाद से ही इस संबंध में लगातार संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। बैठकों और पदयात्राओं के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने सुरक्षा संबंधी आशंकाओं और मिल रही धमकियों का हवाला देते हुए फिलहाल आयोजन में शामिल होने वाले संतों तथा हिंदू संगठनों के नाम सार्वजनिक करने से इनकार किया।प्रशासन की ओर से रोक लगाए जाने और नजरबंदी की आशंका पर उन्होंने वर्ष 1992 का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इस बार किसी की नजरबंदी नहीं होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन और प्रशासन की ओर से आयोजन में कोई बाधा उत्पन्न नहीं की जाएगी। हालांकि, कार सेवा के दावे और भीड़ जुटाने संबंधी इन बयानों पर प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
