किसानों और ग्रामीण युवाओं को गुणवत्तायुक्त बीज उत्पादन की जानकारी देने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र पिलखी के सभागार में पांच दिवसीय रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस मौके पर केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. हिमांशु राय ने कहा कि गुणवत्तायुक्त बीज कृषि उत्पादन की आधारशिला है। उन्नत किस्मों के शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त बीज के उपयोग से फसल की उत्पादकता और गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है। न्होंने बताया कि गेहूं बीज उत्पादन किसानों और ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। प्रशिक्षण में गेहूं की उन्नत प्रजातियों का चयन, खेत का चयन, भूमि की तैयारी, बीजोपचार, बुवाई की वैज्ञानिक विधि, बीज दर, उचित दूरी और उर्वरक प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा रोगिंग (अवांछित एवं दूसरी किस्म के पौधों को निकालना), फसल निरीक्षण, रोग एवं कीट प्रबंधन, समय पर कटाई-मड़ाई, बीज की सफाई, सुखाने और वैज्ञानिक भंडारण का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि किसान वैज्ञानिक विधियों को अपनाकर गुणवत्तायुक्त गेहूं बीज का उत्पादन कर सकते हैं और इसे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय का साधन बना सकते हैं। केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अंगद प्रसाद ने किसानों और ग्रामीण युवाओं को कृषि की नवीन वैज्ञानिक तकनीकें अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों एवं ग्रामीण युवाओं का तकनीकी कौशल विकसित करना, गुणवत्तायुक्त गेहूं बीज उत्पादन को बढ़ावा देना और कृषि आधारित रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर विकसित करना है।



Source link