जानीखुर्द। जानी बस स्टैंड के मुख्य बाजार में कपड़ों के उधार रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ। इस विवाद में करीब छह युवकों ने दुकान मालिक और उसके नौकर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में नौकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नौकर संदीप की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में रोष व्याप्त है।

जानी के पूर्व ग्राम प्रधान हरिओम की बस स्टैंड पर कपड़े की दुकान है। हरिओम ने बताया कि एक महिला उनकी दुकान से कपड़े उधार लेकर गई थी। शुक्रवार को महिला जानी बाजार में खरीदारी के लिए आई थी। हरिओम ने उसे दुकान पर बुलाया और उधार के पैसे मांगे। इस बात पर महिला गुस्से में आ गई और गाली-गलौज करने लगी। आरोप है कि महिला ने मोबाइल फोन पर कॉल कर अपने परिचित करीब छह युवकों को मौके पर बुला लिया। युवकों ने पहुंचते ही धारदार हथियारों से हरिओम पर हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने आए दुकान के नौकर संदीप निवासी सिसौला खुर्द पर भी हमलावरों ने वार किए। इससे संदीप घायल हो गया। लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद दुकान मालिक हरिओम को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। संदीप की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है।

घटना से व्यापारियों में आक्रोश

घटना की जानकारी मिलते ही बाजार के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। व्यापारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने जल्द गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

वर्जन…

सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि अभी तक मामले में तहरीर नहीं मिली है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।



Source link