मिर्जापुर। यातायात माह चल रहा है, फिर भी जिले के हाईवे पर बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है। सड़क किनारे खड़े ट्रक और भारी वाहन रात के अंधेरे में हादसों की वजह बन रहे हैं। जिले में ऐसे करीब 10 स्थान हैं, जहां अक्सर बड़ी संख्या में ट्रक खड़े रहते हैं।

रात में बाइक और कार सवार इन वाहनों से टकराकर हादसे का शिकार हो रहे हैं। सात महीने में सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण 20 हादसे हुए, जिनमें सात लोगों की मौत और 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

जिले के राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन खड़ा करने के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। हाईवे पर वाहन रोकने के लिए अलग स्थान निर्धारित हैं, लेकिन खनिज परिवहन करने वाले ज्यादातर वाहन सड़क पर ही खड़े कर दिए जाते हैं। देहात कोतवाली क्षेत्र में बरकछा प्रधान ढाबा के पास, चील्ह में टेढ़वा पुलिस चौकी के पास और जिगना थाने के बाहर सड़क पर वाहन खड़े रहते हैं।

अदलहाट थाना क्षेत्र में रस्तोगी तालाब से उसरापर तक शाम तीन-चार बजे से डाउन लेन पर गिट्टी और खनिज लदे ट्रकों की लंबी कतार लग जाती है। चुनार में मिर्जापुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्गाजी मोड़ के आसपास भारी वाहन खड़े रहते हैं। हलिया-मिर्जापुर मार्ग पर बरी धर्मकांटा के पास करीब दो वर्ष से दोनों ओर बड़े वाहन खड़े किए जा रहे हैं।

अहरौरा में सुकृत बॉर्डर से घाटमपुर तक वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शाम होते ही सड़क किनारे ट्रकों की कतार लग जाती है। राजगढ़ में दूधी-लुंबिनी मिर्जापुर-सोनभद्र हाईवे, लालगंज में वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग और ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में भी सड़क पर खड़े वाहन हादसों का खतरा बढ़ा रहे हैं। आने वाले दिनों में कोहरे का प्रकोप बढ़ने पर यह समस्या और गंभीर हो सकती है।

अदलहाट थाना क्षेत्र में हाईवे पर खड़े ट्रक। स्रोत- संवाद

अदलहाट थाना क्षेत्र में हाईवे पर खड़े ट्रक। स्रोत- संवाद



Source link