
डेयरी संचालक के बेटे के हत्यारे पिता-पुत्र को पुलिस ने भेजा जेल
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
फतेहपुर जिले में लड़की के साथ पकड़े जाने पर डेयरी संचालक पुत्र की हत्याकांड के बाद गांव में तनातनी का माहौल है। पीड़ित पक्ष के लोगों में पुलिस के खिलाफ नाराजगी है। परिजनों ने शव उठाने और अंतिम संस्कार करने से मना क दिया है। जिलाधिकारी, पुलिस कप्तान, मंत्री राकेश सचान को बुलाने और ललौली थाना प्रभारी तारकेश्वर राय को हटाने की मांग कर रहे हैं।
गांव में तनाव को देखते हुए रिजर्व पुलिस फोर्स और पीएसी की तैनाती की गई है। बता दें कि ललौली थाने के उरौली गांव निवासी डेयरी संचालक राजेंद्र साहू के पुत्र आशीष साहू 28 दिसंबर को लापता हो गया था। उसका छह जनवरी को यमुना नदी में बांदा जिले के मर्का थाना क्षेत्र की सीमा से शव बरामद हुआ।
गांव की युवती के साथ पकड़े जाने पर हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती के पिता रणविजय सिंह उर्फ पुत्तन और भाई विपिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने रविवार दोपहर वीडियोग्राफी और पैनल डाक्टरों से शव का पोस्टमार्टम कराया। पैनल ने शव पुराना होने की वजह से बारीकी से जांच की।
