संवाद न्यूज एजेंसी

पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। खादर क्षेत्र के गांव दादूपुर में किसान मुखित्यार सिंह (65) और उसके बेटे सुखजिंदर (28) की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने साजिश रचने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी विकास पहले से ही नामजद हिस्ट्रीशीटर अंकुल का जीजा है। पीड़ित पक्ष ने प्रार्थनापत्र देकर साजिश का आरोप लगाया था, इसके बाद पुलिस ने जांच की और दो आरोपी पकड़ लिए।

सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि मृतक के भाई ने प्रार्थना पत्र देकर हिस्ट्रीशीटर अंकुल का जीजा भोपा के सिकंदरपुर निवासी विकास कुमार और उसके दोस्त शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला होली चौक रामपुरी निवासी जय पंवार गुर्जर को साजिश में शामिल होने की जानकारी दी थी।

आरोपी जय पंवार गुर्जर पर कातिलाना हमले की एक प्राथमिकी शहर कोतवाली में दर्ज है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने गंगनहर पटरी बूढ़पुर बॉर्डर स्थित शराब के ठेके के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

—–

ये था मामला

रविवार रात बाइक सवार हमलावरों ने दादूपुर गांव में घर के बाहर गन्ना लदी ट्रॉली के पास खड़े सुखजिंदर की दो और उसके पिता की एक गोली मारकर हत्या कर दी थी। सुखजिंदर के भाई बलजिंदर की तहरीर पर पुलिस ने मेघा गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर अंकुल, अंकित उर्फ जोधा, दादूपुर निवासी, संजय, सोनू, बिल्लू, मोहित एवं रवि, हरिद्वार के अय्यापुर निवासी अंकित उर्फ मोती, सहारनपुर के देवबंद खेड़ा निवासी अचिन त्यागी के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा और आपराधिक साजिश रचने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी।

—–

अंकुल की वायरल पोस्ट के बाद सख्ती

पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। इस बीच हिस्ट्राीशीटर अंकुल की भी पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें बदला लेने की बात कही जा रही है। अंकुल पर कुल 13 मुकदमे है। साल 2015 में जानलेवा हमले की पहली प्राथमिकी दर्ज हुई थी।

————

इसलिए की गई पिता-पुत्र की हत्या

पुरकाजी। दादूपुर गांव में 11 सितंबर 2025 को हिस्ट्रीशीटर मोनू की हत्या कर दी गई थी। वारदात में मुखित्यार सिंह के दोनों बेटे बलजिंदर, सुखजिंदर को नामजद किया गया था। तीसरा आरोपी करतार बनाया गया था। छह महीने पहले ही सुखजिंदर को जमानत मिली थी। इस प्रकरण की सुनवाई 25 नवंबर को होनी थी। बलजिंदर का कहना है कि जमानत पर आने के बाद से उसने अपनी जान को खतरा बताया था लेकिन आरोपी नहीं पकड़े गए। इसी रंजिश में हत्या की वारदात अंजाम दी गई थी।

——-

एसएसपी कार्यालय पहुंची पत्नी, रविकांत को झूठ फंसाने आरोप

मुजफ्फरनगर। दोहरे हत्याकांड में आरोपी बनाए गए रविकांत उर्फ अचिन त्यागी की पत्नी पायल बृहस्पतिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची। प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 22 नवंबर को घटना वाले दिन रविकांत सुबह से रात तक घर पर ही मौजूद रहा। उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और पेन ड्राइव में रिकॉर्डिंग मौजूद है। उनके परिवार का इस वारदात से कोई लेना-देना नहीं है। पिछले करीब चार वर्षों से उनका आना-जाना नहीं है और पिछले दो से छह महीने के बीच कोई संपर्क या फोन पर बातचीत भी नहीं हुई है। ब्यूरो



Source link

अभी अभी की खबरें