मीरापुर। रविवार सुबह दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर गांव शिवपुरी के पास एक ट्रक और मिनी टूरिस्ट बस की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बस में सवार नौ यात्री घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। बस मुजफ्फरनगर से करीब 25-30 सवारियों को लेकर कोटद्वार स्थित सिद्धबली मंदिर के दर्शन के लिए जा रही थी।
मिनी टूरिस्ट बस जैसे ही गांव शिवपुरी के समीप पहुंची, सामने से विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से टूरिस्ट बस में सवार मुजफ्फरनगर के अवध विहार निवासी ज्ञानेंद्र, बस चालक शाहरुख और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, बस में सवार महिला सीमा, सरिता, अमरेश, सन्नी शर्मा, बालिका दिशा और आराध्या को मामूली चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों गंभीर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामूली रूप से घायल लोगों को निजी अस्पताल में उपचार दिलाया गया।
पुलिस टीम लेकर राहत कार्य के लिए पहुंचे इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह का कहना है कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। परिवार मुजफ्फरनगर के अवध विहार से मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था।
————–
टक्कर लगते ही मच गई चीख-पुकार
हाईवे पर हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने अपने-अपने वाहन रोककर मदद की। इस बीच पुलिस को जानकारी दी गई। मीरापुर और जानसठ से एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
