मुजफ्फरनगर। सिसौली की चेयरपर्सन सुभाषिनी के देवर प्रदीप बालियान की 15 साल पहले कस्बे में सरेबाजार हत्या के मामले में सुनवाई पूरी हो गई है। हत्या के आरोप में पूर्व चेयरमैन यशपाल बंजी जेल में बंद है। अपर जिला एवं सत्र न्यायालय संख्या-2 में फैसला सुनाएंगे। दोषी मनोज उर्फ बिट्टू को तीन अप्रैल 2019 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।
भौराकलां थाना क्षेत्र के कसबा सिसौली में 28 मई 2011 की शाम सात बजे प्रदीप कुमार सैलून पर बाल कटवाने के लिए गया था। इस बीच हमलावरों ने गर्दन काटकर और गोली मारकर हत्या कर दी थी। वादी सुरेंद सिंह ने पूर्व चेयरमैन यशपाल बंजी, भगत और मनोज उर्फ बिट्टू को को नामजद किया था।
बागपत में हुई पुलिस मुठभेड़ में भगत मारा गया था, जबकि मनोज उर्फ बिट्टू को 2019 में सजा सुनाई जा चुकी है। लंबे समय तक फरार रहने के कारण पूर्व चेयरमैन यशपाल बंजी की पत्रावली अलग कर दी गई थी। बाद में इनाम घोषित होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब इस मामले की सुनवाई पूरी हो गई है।
——–
वादी का निधन, सिसौली के चुनाव की रंजिश
मुजफ्फरनगर। मुकदमे के वादी पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र सिंह का बीमारी के कारण पिछले दिनों निधन हो गया था। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि चुनाव की रंजिश को लेकर प्रदीप की हत्या की गई।
——–
राजेंद्र सिंह की हत्या में हो गए थे बरी
मुजफ्फरनगर। सिसौली के किसान राजेंद्र सिंह की 29 अक्तूबर 2014 को हत्या के मामले में भी यशपाल बंजी को आरोपी बनाया गया था। इस प्रकरण में सात मार्च को अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में पूर्व चेयरमैन को दोषमुक्त करार दिया था।
——–
10 साल बाद हुई थी बंजी की गिरफ्तारी
मुजफ्फरनगर। किसान राजेंद्र सिंह की हत्या में नामजदगी के बाद पूर्व चेयरमैन यशपाल बंजी लगातार 10 साल फरार रहा। अदालत ने 2019 में स्थायी वारंट जारी कर दिया। इसके बाद पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। एसओजी और भौराकलां थाना पुलिस ने कई बार आरोपी के घर पर दबिश दी लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद जुलाई 2024 में आरोपी को घर से ही घेरकर गिरफ्तार कर लिया था। तभी से आरोपी जिला काराबार में बंद है। प्रदीप हत्याकांड में हाईकोर्ट से भी आरोपी की जमानत अर्जी खारिज हो गई थी।
——–
गांगनौली में हुई थी पुलिस मुठभेड़
बागपत के दोघट क्षेत्र के गांव गांगनौली के जंगल में जनवरी 2015 में हुई मुठभेड़ में प्रदीप हत्याकांड का आरोपी पहलवान भगत पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। यहां पुलिस की एक लाख के इनामी प्रमोद गांगनौली गैंग से मुठभेड़ हुई थी।
