लॉ कॉलेजों की स्नातक, परास्नातक की 3600 सीटों पर प्रवेश के लिए काउंसलिंग पूरी
बीयू समेत 20 महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए सात अक्तूबर से हुई थी शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय कैंपस समेत 20 विधि महाविद्यालयों की 3600 सीटों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग शुक्रवार को पूरी हो गई है। प्रथम आवंटन के बाद बीएएलएलबी की 12 प्रतिशत और एलएलबी की 13 फीसदी ही सीटें भर पाई हैं।
बीयू कैंपस और कॉलेजों में संचालित बीएएलएलबी और एलएलबी कोर्सों की प्रवेश परीक्षा 28 जुलाई को हुई थी। इसका परिणाम 31 जुलाई को घोषित हुआ था। मगर बीयू कैंपस और कॉलेजों को बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) की ओर से मान्यता न मिल पाने से प्रवेश शुरू नहीं हो पा रहे थे। बीयू समेत 20 विधि महाविद्यालयों के बीसीआई के मानकों पर पत्र मिलने के बाद सात अक्तूबर से प्रवेश परीक्षा में मिले अंकों की मेरिट के आधार पर एडमिशन के लिए ऑनलाइन चयनित महाविद्यालयों में प्रथम आवंटन शुरू किया गया।
इसमें अभ्यर्थियों को रैंक और उनके द्वारा चुने हुए विकल्प के अनुसार कॉलेज आवंटन किया गया। आवंटन अथवा काउंसलिंग पत्र डाउनलोड करने के बाद बीएएलएलबी और एलएलबी पाठ्यक्रमों के आवंटित अभ्यर्थियों को सात से 11 अक्तूबर तक संबंधित कॉलेज में प्रवेश लेना का मौका दिया गया। निर्धारित तिथि तक बीएएलएलबी की 12 प्रतिशत और एलएलबी की 13 फीसदी ही सीटें भर पाईं। कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि लॉ कॉलेजों की 3600 सीटों पर प्रवेश के लिए काउंसलिंग शुक्रवार को पूरी हो गई।
ये हैं आंकड़ा
…………….
विषय सीट आवंटन कंफर्म
एलएलबी 2520 1295 320
बीएएलएलबी 1080 335 127
