आगरा। जिले के 302 सरकारी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में नए सत्र 2026-27 के लिए छात्रों के नामांकन की स्थिति बेहद खराब है। अब तक 106 स्कूलों में एक भी छात्र का प्रवेश नहीं हुआ है, जबकि प्रेरणा पोर्टल पर 30 विद्यालयों में कक्षा-6 का नामांकन भी शून्य दर्ज है।
जिलाधिकारी की नाराजगी के बाद मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने तीन सदस्यीय समिति गठित कर गांव-गांव अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। समिति को रोजाना नामांकन की समीक्षा कर शाम तक रिपोर्ट देनी होगी। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अक्षम्य मानी जाएगी। समिति में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य अनिरुद्ध यादव, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड और खंड शिक्षा अधिकारी जगनेर हैं। नामांकन में बाह, फतेहाबाद, जैतपुर कलां, पिनाहट, सैंया और नगर क्षेत्र के कई स्कूलों की स्थिति ठीक नहीं है।
