:: फोटो ::

Trending Videos

संवाद न्यूज एजेंसी

झांसी। कुशीनगर एक्सप्रेस के पेंट्रीकार कर्मियों की गुंडई का मामला सामने आया है। ट्रेन में कानपुर के लिए यात्रा कर रहे झांसी के लोको पायलट को पेंट्रीकार कर्मियों ने बुरी तरह पीट दिया। यात्रियों ने बीच बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। घटना की शिकायत पर जीआरपी कानपुर ने आरोपी पेंट्रीकार कर्मियों को ट्रेन से उतार लिया। वहीं, लोको पायलट को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

झांसी रेल मंडल में तैनात सहायक लोको पायलट सुनील कुमार वंशकार कानपुर में ट्रेनिंग कर रहे हैं। रविवार को वह लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर कुशीनगर एक्सप्रेस में झांसी से कानपुर के लिए सवार हुए थे। यात्रा के लिए वह ट्रेन के पेंट्रीकार की गैलरी में खड़े थे। इसी बीच पेंट्रीकार मैनेजर ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। जब तक सहायक लोको पायलट कुछ समझ पाता, दूसरे पेंट्रीकार कर्मियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर अन्य भी इकट्ठे हो गए और सहायक लोको पायलट को बुरी तरह पीटने लगे और मारते हुए लोको पायलट को कोच तक ले आए।

पेंट्रीकार कर्मियों की गुंडई का विरोध जब यात्रियों ने किया तो आरोपी उनसे भी भिड़ गए। इसी बीच किसी यात्री ने मारपीट और गाली गलौज का वीडियो बनाकर रेलवे से घटना की शिकायत कर दी। यहां ट्रेन जैसे ही कानपुर पहुंची तो जीआरपी ने मारपीट करने वाले पेंट्रीकार के मैनेजर समेत अन्य दो कर्मियों को ट्रेन से उतार लिया। साथ ही घायल लोको पायलट को कानपुर के रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया। लोको पायलट ने घटना की लिखित शिकायत दी है। वहीं, मामले में पीआरओ मनोज कुमार सिंह का कहना है कि घटना में लाेको पायलट ने शिकायत दर्ज कराई है। आगे की कार्रवाई जीआरपी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *