झांसी। सीपरी बाजार के आईटीआई मोहल्ला निवासी इत्र कारोबारी लोकेंद्र यादव की पत्नी अन्नू यादव (23) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मंगलवार को मायके वालों की तहरीर पर सीपरी बाजार पुलिस ने ससुरालजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है।
गरौठा निवासी देवी शरण यादव ने अपनी बेटी अन्नू की शादी मार्च 2019 में इत्र कारोबारी लोकेंद्र यादव से की थी। परिजनों ने बताया शादी के बाद दंपती को बेटा हुआ। बेटा होने के बाद से ससुराल में उससे मारपीट की जाने लगी। आरोप है सोमवार को पड़ोसियों ने फोन करके अन्नू को घर में पीटे जाने की सूचना दी थी। मंगलवार सुबह उनके पहुंचने पर कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला, जबकि ससुराल के लोग वहां से भाग गए थे। उनका कहना है कि 5 मई को अन्नू की छोटी बहन अनामिका की शादी थी। ससुराल पक्ष ने अन्नू को अकेले शादी में भेजा और उसके पांच साल के बेटे को नहीं जाने दिया। इस बात को लेकर उसका पति के साथ विवाद भी हुआ था। उनका आरोप है कि ससुराल वालों ने हत्या के बाद शव को फंदे से लटका दिया। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मालूम चला है कि उसका पति से विवाद हुआ था। उसके बाद फंदा लगाए जाने की आशंका है। तहरीर के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच कराई जा रही है।
इनसेट
पोस्टमॉर्टम हाउस पर हंगामा, पुलिस से नोकझोंक
मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर अन्नू के परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई। परिजनों का आरोप था कि ससुराल पक्ष के कुछ लोग पुलिस विभाग से जुड़े हैं। उन पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक थाने में मुकदमा दर्ज नहीं हो जाता, तब तक वे पोस्टमॉर्टम नहीं कराएंगे। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद वह किसी तरह शांत हुए।
