संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर तैयारियाें का जायजा जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने लिया। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों को दिशा निर्देश दिए।
23, 24, 25, 30 व 31 अगस्त को पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा आठ केंद्रों पर होनी है। एक पाली में 3140 बच्चे परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के साथ अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं। केंद्र के भीतर मोबाइल पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। प्रवेश के पूर्व अभ्यर्थियों सहित ड्यूटी पर तैनात अधिकारी/कर्मचारियों का वेरिफिकेशन व सघन तलाशी ली जाएगी। सभी सेक्टर, जोनल व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों व केंद्र व्यवस्थापकों की रिहर्सल कराई गई।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सुबह सभी परीक्षा केंद्रों श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पीएन इंटर कॉलेज, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, नेहरू महाविद्यालय पार्ट-1, नेहरू महाविद्यालय पार्ट-2 व रघुवीर सिंह राजकीय महाविद्यालय का निरीक्षण किया।
