मैनपुरी। निकाय चुनाव 2023 में चुने गए नगर पालिका मैनपुरी तथा नगर पंचायत बेवर के चेयरमैन पद की दोबारा मतगणना कराने के लिए दायर की गई याचिकाएं जिला जज सुधीर कुमार ने खारिज कर दी हैं। जिला जज के निर्णय के बाद नगर पालिका चेयरमैन संगीता गुप्ता और नगर पंचायत बेवर के चेयरमैन सरितकांत भाटिया के समर्थकों ने खुशी जताई है।

Trending Videos

वर्ष 2023 में हुए निकाय चुनाव में नगर पालिका चेयरमैन के पद पर संगीता गुप्ता और नगर पंचायत बेवर के चेयरमैन पद पर सरितकांत भाटिया ने जीत हासिल की थी। मतगणना 13 मई 2023 को हुई थी। नगर पालिका की ब्लॉक मैनपुरी मुख्यालय पर तथा नगर पंचायत बेवर की नेशनल महाविद्यालय में हुई मतगणना के बाद नगर पालिका की निर्वाचन अधिकारी/एसडीएम सदर नवोदिता शर्मा ने संगीता गुप्ता को तथा नगर पंचायत बेवर के निर्वाचन अधिकारी/समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार ने भाजपा प्रत्याशी सरितकांत भाटिया को जीत का प्रमाणपत्र दिया था।

नगर पालिका की सपा प्रत्याशी सुमन वर्मा तथा बेवर के सपा प्रत्याशी अरुण दीक्षित ने मतगणना में धांधली के आरोप लगाकर दोबारा मतगणना कराने की याचिका जिला जज के न्यायालय में दायर की। चेयरमैन नगर पालिका संगीता गुप्ता तथा चेयरमैन बेवर सरितकांत भाटिया ने अपने वकीलों के माध्यम से याचिका दायर करने में तय शर्तें पूरी नहीं करने की दलील दी। इनको सही पाकर दोबारा मतगणना कराने के लिए दायर की गई याचिकाएं जिला जज सुधीर कुमार ने खारिज कर दी हैं।

यह शर्तें नहीं की गई पूरी

-दोनों याचिकाएं पीड़ितों ने व्यक्तिगत रूप से दाखिल नहीं कीं

– किस टेबल पर मतगणना में धांधली हुई उनकी सूची जमा नहीं की

– मतगणना में भ्रष्ट आचरण करने वाले कर्मचारियों का ब्यौरा नहीं दिया

– लोक प्रतिनिधित्व और निकाय अधिनियम में दी गई शर्तों का पालन नहीं किया गया

मतदान और मतगणना में पूरी पारदर्शिता रही। कहीं भी नियमों का उल्लंघन नहीं हुआ। हार के बाद एक साजिश के तहत याचिका दायर की गई। याचिका निरस्त होने से न्याय मिला है।

संगीता गुप्ता, चेयरमैन नगर पालिका

निकाय चुनाव में हारने के बाद सपा ने दो याचिकाएं दाखिल की थीं। मतगणना दोबारा कराने की मांग की थी। तय शर्तों का पालन भी नहीं किया। इसके चलते याचिका निरस्त हुई है।

सरितकांत भाटिया, चेयरमैन बेवर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें