पीलीभीत। अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2027-28 में कक्षा छह और नौ में प्रवेश के लिए परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र पीलीभीत में बनाया जाएगा। कक्षा छह में 140 छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा, जबकि कक्षा नौ में विद्यालय में उपलब्ध रिक्त सीटों के अनुसार प्रवेश मिलेगा। दोनों कक्षाओं में बालक और बालिकाओं का अनुपात 50-50 प्रतिशत रहेगा।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रोशनी यादव ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय योजना का संचालन उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से किया जा रहा है। बरेली में संचालित विद्यालय में प्रवेश के लिए निर्माण श्रमिकों के बच्चों और राज्याश्रित श्रेणी के पात्र बच्चों से आवेदन मांगे गए हैं।
निर्माण श्रमिकों के ऐसे बच्चे आवेदन कर सकते हैं, जिनके माता-पिता बोर्ड में विधिवत पंजीकृत हों और 30 अक्तूबर 2026 तक पंजीकरण के बाद कम से कम तीन वर्ष की सदस्यता पूरी कर चुके हों। एक परिवार के अधिकतम दो बच्चे पात्र होंगे। वहीं, कोविड से अनाथ हुए ऐसे बच्चे भी आवेदन कर सकते हैं, जिनका महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीकरण है अथवा जो मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लिए पात्र हैं।
कक्षा छह में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि एक मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए। साथ ही अभ्यर्थी शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा पांच में अध्ययनरत हो अथवा उत्तीर्ण हो। कक्षा नौ में प्रवेश के लिए जन्मतिथि एक मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी सत्र 2026-27 में कक्षा आठ में अध्ययनरत अथवा उत्तीर्ण होना चाहिए।
—
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से आवेदन
प्रवेश के लिए आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किए जा सकेंगे। अभ्यर्थी यूपीबीओसीडब्ल्यू बोर्ड की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा आवेदन पत्र श्रम कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक निशुल्क प्राप्त और जमा किए जा सकते हैं। आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया 20 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि पांच जनवरी 2027 शाम पांच बजे तक निर्धारित है।
