पीलीभीत के दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव जादौपुर पट्टी में बुधवार सुबह 17 वर्षीय किशोरी का शव जामुन के पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया गया है। हालांकि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार गांव जादौपुर पट्टी निवासी रामचंद्र शर्मा ने बताया कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री वर्षा रात में घर ही सोई थी। रात में किसी समय वह घर से चली गई। उस समय परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। काफी देर बाद जब परिजन जागे तो वर्षा घर में नहीं मिली। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए।
इसी बीच सुबह टहलने निकले कुछ ग्रामीणों ने गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पैनियां मार्ग स्थित तालाब के पास जामुन के पेड़ पर किशोरी का शव चुनरी के फंदे से लटका देखा। यह खबर गांव पहुंचते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान वर्षा के रूप में की।