दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर प्रयागराज और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के बीच पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद इस रूट पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह ठप हो गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए सीनियर डीएससी विजय प्रकाश पंडित ने टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
इस दुर्घटना का सबसे ज्यादा असर डाउन लाइन की ट्रेनों के संचालन पर पड़ा । घटना के बाद पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) की ओर से आने वाली महाबोधि एक्सप्रेस और ब्रह्मपुत्र मेल बहुत देर तक बीच रास्ते खड़ी रहीं। जिससे यात्रियों को असुविधा हुई। वहीं, दिल्ली से आ रही महानंदा एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित हुआ।
डाउन लाइन बाधित होने के चलते नेताजी एक्सप्रेस भी काफी देर ट्रैक पर खड़ी रही। प्रयागराज जंक्शन से शाम 5.26 बजे रवाना होने के बाद ट्रेन छह बजे के आसपास करछना पहुंच चुकी थी। इसी दौरान पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से हादसा हो गया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि यात्री ट्रैक पर कैसे आ गए और हादसे की मुख्य वजह क्या रही। इसकी जांच की जा रही है। घटना की वजह से कुछ ट्रेनें रोकी गई थी फिलहाल संचालन सामान्य हो गया है।
उधर घटना की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। मामला रेलवे बोर्ड तक कुछ ही देर में पहुंच गया। इस पर चेयरमैन रेलवे बोर्ड सतीश कुमार ने एनसीआर के वरिष्ठ अफसरों से फोन पर वार्ता कर पूरी जानकारी ली। अफसरों ने उन्हें आश्वस्त किया कि इस मामले में उन्हें जल्द ही जांच रिपोर्ट भेज दी जाएगी।
