मिशन 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में सियासी सरगर्मी तेज होने लगी है। चुनाव की घोषणा भले ही अभी नहीं हुई है, लेकिन समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी बीच इंडिया गठबंधन में शामिल कांग्रेस की ओर से प्रयागराज की 12 विधानसभा सीटों में से पांच पर दावेदारी की चर्चा ने सियासी हलचल बढ़ा दी है।

उधर, विधानसभा चुनाव में सपा मतदान बूथ की हर एक पर्ची की पहरेदारी करनी की रणनीति को साकार करने की तैयारी में जुट गई हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस बारा, कोरांव, करछना, इलाहाबाद दक्षिणी और इलाहाबाद उत्तरी सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छुक है। कांग्रेस की इस दावेदारी से क्षेत्रों में चुनाव की तैयारी कर रहे सपा नेताओं की चिंता बढ़ गई है।

जिले की 12 विधानसभा सीटों में कोरांव, बारा और सोरांव आरक्षित श्रेणी की सीटें हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से दावेदारी वाली पांचों सीटों पर सपा प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा था। इलाहाबाद उत्तरी सीट पर सपा प्रत्याशी 54,883 वोटों के अंतर से हारे थे। इसी तरह करछना में हार का अंतर 9,328, इलाहाबाद दक्षिणी में 26,182, बारा में 12,524 और कोरांव में 24,487 वोट रहा था। ऐसे में गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर होने वाली बातचीत पर सभी की नजरें टिकी हैं। इन सीटों पर सपा के दावेदार अपनी संभावनाओं को लेकर सक्रिय हैं तो कांग्रेस में भी टिकट के इच्छुक नेताओं की संख्या बढ़ने लगी है।

एक-एक वोट का हिसाब लगाने में जुटी सपा

सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता पूजा मिश्रा के अनुसार, पार्टी एक-एक वोट का हिसाब लगाने की तैयारी कर रही है। फर्जी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल न होने पाए, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही महिलाओं को संगठन और चुनाव में अधिक भागीदारी देने की तैयारी भी की जा रही है। सपा के पूर्व एमएलसी वासुदेव यादव का कहना है कि पार्टी जमीनी स्तर पर चुनावी गणित दुरुस्त करने में जुटी है। विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के लिए अनुशासन को अनिवार्य माना जा रहा है।

उनका कहना है कि केवल प्रचार नहीं होगा, बल्कि मतदान के दिन बूथ पर हर मत की निगरानी व पर्चियों का हिसाब रखना भी जरूरी होगा। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव का कहना है कि चुनाव नजदीक आने के साथ टिकट के दावेदारों की संख्या बढ़ रही है। हालांकि, पार्टी इस बार जिताऊ प्रत्याशियों को ही प्राथमिकता देगी। इस बार का विधानसभा चुनाव सपा के लिए बड़ी चुनौती होगा।



Source link