अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बस स्टैंड के पास होटल में बर्थ डे पार्टी के बहाने नाबालिग को बुलाकर पीआरडीकर्मी ने दुष्कर्म किया। तड़के उसे अर्धनग्न हाल में होटल के बाहर छोड़कर फरार हो गया। किसी तरह पीड़िता घर पहुंची। परिजन पीड़िता को लेकर नवाबाद थाने पहुंचे। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
कोतवाली के नई बस्ती निवासी नाबालिग (15) ने परिजनों को बताया कि फेसबुक के जरिए उसकी पहचान थाना एरच के सगौली गांव निवासी सुधीर नायक पुत्र अखिलेश नायक से हुई। सुधीर पीआरडी में तैनात है। उसकी ड्यूटी बस अड्डे पर है। फेसबुक पर दोस्ती के बाद उनके बीच मोबाइल पर बात होने लगी। पीड़िता के मुताबिक 14 अगस्त को उसे अपनी बर्थ डे पार्टी के बहाने बस स्टैंड बुलाया। इसके बाद उसे सुनील साहू के श्रीपैलेस नामक होटल ले गया। उसके कमरे में पहुंचने पर वहां कोई नहीं था। रात में सुधीर ने कमरा बंद करके उसके साथ दुष्कर्म किया। रात भर सुधीर ने होटल के कमरे में उसे बंद रखा। दुष्कर्म करने के बाद तड़के होटल के बाहर अर्धनग्न हाल में छोड़कर भाग निकला। पीड़िता उसी हाल में घर पहुंची। पीड़िता को इस हाल में देख परिजनों के होश उड़ गए। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह के मुताबिक आरोपी को तलाशा जा रहा है।
इनसेट
बिना पहचान पत्र के दे दिया कमरा
पुलिस की छानबीन में होटलकर्मियों की मिलीभगत भी उजागर हुई है। छानबीन के दौरान मालूम चला कि होटलकर्मियों ने कमरा बुक करने से पहले आरोपी सुधीर से पहचान पत्र तक नहीं लिया। पुलिसकर्मियों ने जब होटल संचालक से आरोपी का पहचान पत्र मांगा तब वह नहीं दिखा सके हालांकि आसपास के सीसीटीवी कैमरों में आरोपी आता जाता दिख रहा है। सुधीर के होटल में कमरा बुक करने की पुष्टि हुई है। ऐसे में घटना के पीछे होटलकर्मियों की मिलीभगत से भी इन्कार नहीं किया जा सकता।
