डलमऊ। प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित आठ दिवसीय डलमऊ महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। विभिन्न जनपदों से आए कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीत, बधाई गीत और भाव नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।

महोत्सव में संस्कृति विभाग लखनऊ की ओर से धर्मेंद्र तिवारी की टीम ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं, लखनऊ के ग्रुप के कलाकारों ने श्रीराम जन्मभूमि से जुड़े पारंपरिक लोकगीत और बधाई गीत प्रस्तुत कर माहौल भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने महाभारत में द्रौपदी के चीरहरण सहित विभिन्न प्रसंगों पर आधारित भाव नृत्य भी प्रस्तुत किए। दर्शकों ने इन प्रस्तुतियों की खूब सराहना की।

बरेली से आए अंकित राज कृष्णा झांकी ग्रुप के कलाकारों ने मां गंगा के अवतरण, उनकी लीलाओं और शिव भक्ति पर आधारित झांकियों व नृत्यों से धार्मिक और सांस्कृतिक छटा बिखेरी। कार्यक्रमों के दौरान महोत्सव स्थल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल में नजर आया।

डलमऊ कस्बे के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग महोत्सव में पहुंचे। लोगों ने प्रदर्शनी में लगी दुकानों से खरीदारी की और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह दिखा।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी श्याम मणि त्रिपाठी ने लोगों को संबोधित करते हुए महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन सुशील श्रेष्ठ ने किया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष पंडित बृजेश दत्त गौड़, सोहराब अली, दिलीप वाजपेई, मनोज पांडेय, शुभम गौड़, मिंटू तिवारी और सतीश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।



Source link

अभी अभी की खबरें