रामनगरी अयोध्या स्थित राम मंदिर के पूर्व निर्माण सहायक गोपाल राव ने मंगलवार को किसी विशेष सुविधा का उपयोग किए बिना सामान्य श्रद्धालुओं की कतार में लगकर रामलला के दर्शन किए। उन्होंने पूरे दर्शन मार्ग पर आम श्रद्धालुओं की तरह सभी सुरक्षा जांच कराईं और व्यवस्थाओं का भी बारीकी से जायजा लिया।
दर्शन के बाद गोपाल राव ने कहा कि रामभक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा और यात्री सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।
गोपाल राव ने सामान्य लाइन में लगकर दर्शन करने के पीछे संदेश भी दिया। कहा कि रामलला के दरबार में सभी श्रद्धालु समान हैं और नियम सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए। व्यवस्था का सम्मान करते हुए सामान्य कतार में दर्शन करना यह संदेश देता है कि मंदिर की व्यवस्था और अनुशासन सर्वोपरि है तथा हर व्यक्ति को उसका पालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब जिम्मेदार लोग स्वयं नियमों का पालन करते हैं, तो इससे श्रद्धालुओं में भी व्यवस्था के प्रति विश्वास और अनुशासन की भावना मजबूत होती है। यही कारण है कि उन्होंने आम श्रद्धालु की तरह कतार में लगकर दर्शन किए और सभी सुरक्षा जांचों से होकर गुजरे।
