
सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
प्रदेश में अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के जीर्णोद्धार, मरम्मत, निर्माण कार्य व अवस्थापना सुविधाओं के लिए शुरू की गई प्रोजेक्ट अलंकार योजना में 160 विद्यालय चयनित हुए हैं। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने पहले चरण में 78 करोड़ रुपये जारी किए हैं। प्रबंधन के इसमें 25 फीसदी राशि जमा करने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होंगे।
शासन ने प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत 75 से 100 साल पुराने विद्यालयों को 75 फीसदी राशि देकर उनकी बिल्डिंग, कक्ष आदि की मरम्मत, पुनर्निर्माण, जीर्णोद्धार व अवस्थापना सुविधाओं आदि का काम कराने का निर्णय लिया है। पहले चरण में चयनित विद्यालयों में से आवश्यक औपचारिकता पूरी करने वाले 160 विद्यालयों के लिए पहली किस्त के रूप में 78 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।
विद्यालय प्रबंधन और जिला प्रशासन के संयुक्त खाते में 25 फीसदी राशि विद्यालय प्रबंधन जमाकर निर्माण कार्य शुरू कराएंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव डॉ. वेदपति मिश्रा ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
दूसरे चरण के आवेदन शुरू
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इस योजना के दूसरे चरण के लिए आवेदन मांग लिए हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने सभी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक व डीआईओएस को निर्देश दिया है कि छूटे हुए विद्यालयों के साथ बैठक कर इसके बारे में जानकारी दें। आवेदन जिला स्तरीय समिति की संस्तुति के बाद 19 जनवरी तक निदेशालय को उपलब्ध कराएं। बता दें कि शासन की ओर से इस योजना के तहत 200 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया है।
