सहारनपुर/देवबंद। भारतीय क्रिकेट टीम में मोहम्मद सिराज का चयन नहीं होने पर धर्मगुरुओं की अलग-अलग राय है। कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद ने क्रिकेटर मोहम्मद सिराज के टीम में शामिल न करने पर कहा कि सिराज के प्रदर्शन को देखकर नहीं लगता कि उन्हें टीम में शामिल नहीं किया जाए। उनका नाम सिराज है। शायद इसलिए उन्हें टीम में जगह नहीं मिली है। इस पर उलमा ने तो इमरान मसूद का समर्थन किया, लेकिन हिंदू धर्मगुरुओं ने कहा कि खेल को धर्म और जाति में न बांधो।

– बोले धर्मगुरु

– मदरसा जामिया शेखुल हिंद के मोहतमिम मुफ्ती असद कासमी और जमीयत दावतुल मुस्लिमीन के संरक्षक मौलाना कारी इसहाक गोरा ने सांसद इमरान मसूद के बयान का समर्थन किया। कहा कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज को टीम में जगह नहीं देना सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में मुसलमानों के साथ दोहरा रवैया अपनाया जा रहा है।

– मौलाना कारी इसहाक गोरा ने कहा कि वह इमरान मसूद के राजनीतिक बयान का समर्थन नहीं करते, लेकिन मौजूदा हालात में सिराज के चयन को लेकर भेदभाव की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। क्रिकेट बोर्ड को स्पष्ट करना चाहिए कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज को टीम में क्यों नहीं चुना गया।

– आध्यात्मिक गुरु स्वामी दीपांकर महाराज ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम को हिंदू-मुस्लिम के नजरिये से देखना उचित नहीं है। मोहम्मद कैफ, इरफान पठान, यूसुफ पठान और मोहम्मद शमी से लेकर मोहम्मद सिराज तक कई मुस्लिम खिलाड़ियों को देश की ओर से खेलने का अवसर मिला है। ये सभी पहले भारत के युवा हैं, हिंदू-मुस्लिम बाद में।

– शाकंभरी सिद्धपीठ की पीठाधीश्वर स्वामी सहजानंद महाराज ने कहा कि खेल को खेल के नजरिये से ही देखना चाहिए। खेल में सभी खिलाड़ी होते हैं। ऐसे में खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं किए जाने को हिंदू-मुस्लिम के नजरिये से देखना उचित नहीं है। टीम में कई मुस्लिम खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से टीम को जीत दिलाई है।



Source link