सहारनपुर। पीएम आवास योजना शहरी के 54 हजार आवेदन पात्रता की जांच में उलझे हैं। यदि आचार संहिता लगने से पहले जांच पूरी नहीं हो पाती है तो आवेदनकर्ताओं का इंतजार और लंबा होगा। साथ ही चुनाव परिणाम भी योजना का भविष्य तय करेगा।
योजना के पहले चरण में शहरी क्षेत्र के 35 हजार से अधिक परिवार लाभान्वित हुए हैं। शहरी क्षेत्र के पात्र व्यक्ति को मकान के लिए ढाई लाख रुपये तीन अलग-अलग किस्तों में मिलते हैं। दूसरे चरण में भी 70 हजार से अधिक लोगों ने मकान के लिए आवेदन किया है, लेकिन पात्रता की जांच की सख्ती ही योजना में रोड़ा बन रही है। जांच पहले नगर निगम और उसके बाद तहसील स्तर से होनी है, जिससे कोई अपात्र व्यक्ति योजना का लाभ न ले सके।
हैरानी की बात यह है कि अभी तक करीब 16 हजार लोगों के ही फॉर्म स्वीकृत हुए हैं। शेष आवेदनकर्ताओं के फॉर्म जांच नहीं होने के कारण दफ्तरों की फाइलों में दबे हैं। ऐसे लोग लगातार डूडा कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। इन लोगों को उम्मीद थी कि सरकार चुनाव से पहले जांच कराकर कम से कम एक किस्त उनके खातों में डालेगी, जिससे कि संबंधित परिवारों से सियासी लाभ लिया जा सके, लेकिन जांच के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाने से मामला पेचीदा हो गया है। उधर, जिन 11 हजार लोगों की पहली किस्त आठ महीने पहले आई थी वह दूसरी किस्त के इंतजार में हैं।
——
जांच न होने की एक वजह यह भी
नगर निगम और तहसील के ज्यादातर कर्मचारी पहले एसआईआर और अब जनगणना में लगे हैं। निगम के कर्मचारियों को तो ओटीएस की भी जिम्मेदारी है। इसकी वजह से पीएम आवास योजना के आवेदनकर्ताओं की जांच नहीं हो पा रही है। अब पूरा जोर जनगणना और उसके बाद चुनाव पर रहेगा। ऐसे में चुनाव से पहले जांच पूरी होने की संभावना न के बराबर है।
——
दूसरे चरण में हुए आवेदन
कुल आवेदन——-71,948
स्वीकृत आवेदन—–16,994
पहली किस्त जारी—-11,057
जांच लंबित——–54,954
——
आवेदनकर्ताओं की पात्रता की जांच योजना का अहम हिस्सा है, जिससे अपात्र व्यक्ति गलत तरीके से लाभ न ले सके। पात्रता की जांच नगर निगम और तहसील द्वारा की जा रही है।
– रोहित चौधरी, पीओ डूडा
