सरसावा। सहारनपुर-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर राधा स्वामी सत्संग घर के पास शुक्रवार रात लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चरथावल के गांव जयचंद निवासी संजय (24) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक के भाई प्रमोद ने बताया कि संजय पिछले करीब दो साल से सरसावा में रहकर एक निजी फाइनेंस कंपनी में नौकरी कर रहा था। शुक्रवार रात वह अपने साथी अभिषेक के साथ सहारनपुर से लौट रहा था। इसी दौरान राधा स्वामी सत्संग घर के पास लकड़ी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राॅली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से संजय सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर-ट्राॅली के पहिये के नीचे आ गया। जबकि अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने अभिषेक को राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी भर्ती कराया। वहां उसका उपचार चल रहा है। प्रमोद ने बताया कि संजय की तीन साल की एक बेटी है और उसकी पत्नी सात माह की गर्भवती है। सीओ जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को चालक सहित हिरासत में ले लिया है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएंगी।
—————————-
पेड़ से टकराई कार, अमरोहा में तैनात कांस्टेबल घायल
नागल। सिडकी-झबरेड़ा मार्ग पर शनिवार दोपहर बोहडूपुर गांव के समीप कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में कार चला रहे पुलिस कांस्टेबल आशीष त्यागी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देवबंद थाना क्षेत्र के बचीटी गांव निवासी आशीष त्यागी अमरोहा में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। वह अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होने के लिए घर आए हुए थे। शनिवार को वह किसी काम से कार लेकर सिडकी की ओर जा रहे थे कि हादसे का शिकार हो गए। सीओ देवबंद अमित सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर थाने नहीं आई है।
