सहारनपुर। एआईएमआईएम प्रमुख व सांसद ओवैसी के दौरे के दौरान सर्किट हाउस में पुलिसकर्मियों की बड़ी चूक सामने आई है। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर देने की तैयारी कर रहे पुलिसकर्मियों ने गलती से एआईएमआईएम प्रमुख को ही सलामी दे दी। ओवैसी के सर्किट हाउस पहुंचते ही पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने मामले की जांच बैठा दी है।

दरअसल, शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश को सर्किट हाउस में पहुंचना था। उनके सर्किट हाउस पहुंचने का समय सुबह करीब 11 बजे निर्धारित था। न्यायाधीश के स्वागत और सम्मान में पुलिस विभाग की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर की पूरी तैयारी की गई थी। पुलिसकर्मियों को भी निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत मुस्तैद रहने के निर्देश थे। इसी बीच करीब सवा 11 बजे एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी अपनी कार से सर्किट हाउस पहुंच गए।

उनके स्वागत के लिए सांसद चंद्रशेखर आजाद सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी पहले से मौजूद थे। सर्किट हाउस में पुलिस सायरन की आवाज और वाहनों की हलचल के बीच जवान सलामी देने के लिए अलर्ट हो गए। जैसे ही ओवैसी की कार वहां पहुंची और वह नीचे उतरे, पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

ओवैसी ने भी पुलिस की सलामी स्वीकार की और इसके बाद सर्किट हाउस के सभागार में चले गए। हालांकि, कुछ ही देर बाद पुलिसकर्मियों की इस चूक की जानकारी सामने आई तो विभाग में खलबली मच गई। मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से फैल गया। उधर, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश सर्किट हाउस पहुंचने के बजाय सीधे क्षेत्र में चले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं।

क्या होता है गार्ड ऑफ ऑनर

बार संघ एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलेश अग्रवाल का कहना है कि गार्ड ऑफ ऑनर निर्धारित सरकारी प्रोटोकॉल और नियमों के तहत दिया जाता है। इसके लिए पुलिस या सुरक्षा बलों की एक टुकड़ी विशेष वर्दी में अनुशासनबद्ध तरीके से खड़ी होती है और तय प्रक्रिया के अनुसार परेड कर सलामी देती है। गार्ड ऑफ ऑनर सांविधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों, विशिष्ट विदेशी अतिथियों, वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और कर्तव्य के दौरान शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों को दिया जाता है। गार्ड ऑफ ऑनर सामान्य तौर पर सांसद को नहीं मिलता है।

————-

गफलत के चलते पुलिसकर्मियों से इस तरह की गलती हुई है। ऐसी लापरवाही नहीं होनी चाहिए थी। पूरे मामले को लेकर जांच बिठा दी गई है, जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी।

– व्योम बिंदल, एसपी सिटी



Source link

अभी अभी की खबरें