संभल। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर, 25 से 29 नवंबर तक संभल जिले में दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को निशुल्क सहायक उपकरण प्रदान करेगा। ये उपकरण भारत सरकार की एडिप एवं वायोश्री योजना के तहत दिए जाएंगे। लाभार्थियों के चिह्नांकन के लिए जिले के पांच विकास खंडों में शिविर आयोजित होंगे।

शिविरों का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। इन शिविरों में मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र और कृत्रिम हाथ-पैर जैसे उपकरण दिए जाएंगे। वॉकर, छड़ी, स्मार्ट केन और स्मार्ट फोन जैसे आधुनिक उपकरण भी प्रदान किए जाएंगे।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए कुछ पात्रता मानदंड तय किए गए हैं। ऐसे लाभार्थी पात्र होंगे जिन्होंने पिछले तीन या पांच वर्षों में भारत सरकार, राज्य सरकार या किसी अन्य संस्था से कोई उपकरण प्राप्त न किया हो। दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाणपत्र (यूडीआईडी कार्ड) लाना होगा और उनकी न्यूनतम दिव्यांगता 40 फीसदी से अधिक होनी चाहिए।

दिव्यांगजनों के लिए मासिक आय अधिकतम 22500 रुपये और वृद्धजनों (60 वर्ष या अधिक) के लिए 15000 रुपये तय की गई है। लाभार्थियों को आधार कार्ड और एक पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो लाना होगा। 25 नवंबर को संभल ब्लॉक (असगोली सहित) में शिविर लगेगा। इसके बाद 26 नवंबर को बहजोई, 27 नवंबर को गुन्नौर, 28 नवंबर को रजपुरा और 29 नवंबर को बनियाखेड़ा में शिविर आयोजित होंगे।



Source link