संभल। सिसौना डांडा गंगा घाट पर लगने वाले ऐतिहासिक कार्तिक मेले का आगाज रविवार को झंडी पूजन और भगवान शिव के रुद्राभिषेक के साथ हो गया।

श्री हरिबाबा बांध धाम पर पूजा-अर्चना के बाद जिला पंचायत प्रशासक डॉ. अनामिका यादव ने झंडी उठाई और दोपहर करीब 12:30 बजे ढोल-नगाड़ों व हर-हर महादेव के जयघोष के साथ मेला परिसर पहुंची। मेला परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ झंडी स्थापित की गई।

चंदौसी के आचार्य शिवानंद मिश्रा और आचार्य सोनू मिश्रा ने यजमानों के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया। गंगाजल, दूध, दही, घी, शहद और बेलपत्र से भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर शांतिपूर्वक मेला संपन्न होने की कामना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि सिसौना डांडा का कार्तिक मेला आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालु यहां पर गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। मेले में कृषि उपकरण, घरेलू सामान, खिलौने, मिठाई व मनोरंजन के लिए झूलों की दुकानें सज गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने घाट व मेला परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया है। सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है।

प्रभारी मंत्री आज करेंगे विधिवत उद्घाटन

मेला कमेटी ने बताया कि सोमवार दोपहर तीन बजे जिले के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे। साथ ही मेला परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का निरीक्षण भी करेंगे। इसमें कृषि, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल प्रमुख हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं की जानकारी व मौके पर ही आवेदन की सुविधा दी जा रही है।

एसपी ने सुरक्षा-व्यवस्था के दिए निर्देश

एसपी विकासचंद त्रिपाठी ने रविवार को सिसौना डांडा में लगने वाले कार्तिक मेले में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने गंगा घाट और मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने व मेले को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के जरूरी निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने, श्रद्धालुओं के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार रखने व भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा घाट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार रावत, सीओ यातायात स्तुति सिंह आदि मौजूद रहीं।



Source link