जुनावई। दबथरा हरलाल गांव में बुधवार सुबह एक युवक प्रेमिका की शादी की खबर सुनकर मोबाइल टावर पर ज्वलनशील पदार्थ लेकर चढ़ गया।

इस दौरान सैकड़ों ग्रामीण, पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे। करीब साढ़े तीन घंटे बाद गुन्नौर के पुलिस उपाधीक्षक अंकित कुमार के आश्वासन पर युवक नीचे उतरा और पुलिस उसे थाने ले गई।

युवक की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई। वह बोतल में ज्वलनशील पदार्थ लेकर टावर पर चढ़ा था। शुरुआत में मुंह पर कपड़ा बंधा होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। ग्रामीणों और परिजनों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह नहीं माना। थाना प्रभारी धीरज सिंह और नायब तहसीलदार प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस उपाधीक्षक अंकित कुमार ने मोबाइल फोन पर मुकेश से बात की। उन्होंने उसकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद मुकेश सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया। पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई।

तीन रिश्ते ठुकराए तो छोटे भाई की कर दी शादी

मुकेश के बड़े भाई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मुकेश पड़ोस की एक युवती से प्रेम करता था। वह उसी से शादी करना चाहता था। मुकेश ने अपनी शादी के लिए आए तीन रिश्ते ठुकरा दिए थे। इनमें दो साल पहले ईसमपुर, एक साल पहले बाजपुर और सात माह पहले संभल से आए रिश्ते शामिल थे। परिवार ने मजबूरी में छह माह पहले छोटे भाई मनोज कुमार की शादी कर दी थी।

प्रेमिका की शादी की खबर सुन दिल्ली से लौटा था मुकेश

सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मुकेश करीब दस दिन पहले काम के लिए दिल्ली गया था। उसे तीन दिन पहले प्रेमिका की शादी की जानकारी मिली। मंगलवार रात करीब 8:44 बजे उसने छोटे भाई मनोज से मोबाइल पर धनराशि डलवाई। इसके बाद वह दिल्ली से गांव के लिए रवाना हुआ, लेकिन घर नहीं पहुंचा। बुधवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने उसे टावर पर चढ़ते देखा।

………………………

सुबह करीब नौ बजे गांव दबथरा हरलाल में एक युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर उसे समझा-बुझाकर नीचे उतारा गया। युवक किन कारणों से टावर पर चढ़ा था, इसकी जांच की जाएगी। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अंकित कुमार, सीओ गुन्नौर



Source link