नियाठेर। कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद हाईवे पर चोरों ने एक हार्डवेयर और ई-रिक्शा की दुकान को निशाना बनाया। शुक्रवार सुबह दुकान मालिक अमित गुप्ता को घटना की जानकारी हुई। चोर दुकान से करीब छह से सात लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए।

अमित गुप्ता ने बताया कि उनकी श्री हरि बाबा श्याम ट्रेडर्स के नाम से दुकान है। बृहस्पतिवार रात करीब ग्यारह बजे उन्होंने सीसीटीवी कैमरों में दुकान को ठीक देखा था। लेकिन शुक्रवार सुबह कैमरे काम नहीं कर रहे थे। दुकान पहुंचने पर बाहर लगे दो सीसीटीवी कैमरे टूटे मिले।

अंदर एसी की ग्रिल भी टूटी हुई थी और सामान गायब था। चोरों ने आठ ई-रिक्शा की बैटरी और पांच समर्सिबल चुराए। वे तांबे के तार का एक बंडल, स्टील की टोटियां और एक छोटे ट्रैक्टर की बैटरी भी ले गए। नौकर के कमरे से एक गैस सिलिंडर भी गायब था और करीब सात हजार रुपये की नकदी भी चोरी हुई।

अमित गुप्ता ने बताया कि दुकान पर रहने वाला नौकर छठ पूजा के लिए अपने गांव गया हुआ है। दुकान के पिछले हिस्से में खेत में सामान के खाली रैपर बिखरे पड़े मिले। थाना प्रभारी बोबिंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link