संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम आवासीय कॉलोनी में मामूली विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के कमरे में घुसकर गालियां देते हुए लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया।
हमले में परिवार के कई लोग घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे मां-बेटे को भी आरोपियों ने पीट दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि कांशीराम आवासीय कॉलोनी के ब्लॉक संख्या-60 के कमरा नंबर 702 निवासी सुशील वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दी कि 19 नवंबर की रात करीब नौ बजे मामूली विवाद में उनके कमरे के ऊपर रहने वाली जरीना खातून, अशमा खातून, इमरान, इब्राहिम और कलाम सहित अन्य ने अचानक गालियों देनी शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उनकी पिटाई की। इस दौरान कमरे का दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया गया।
आरोप है कि शोर सुनकर बचाव के लिए पहुंचे लोगों को भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीट दिया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की जा रही है।
