पर्वत सिंह बादल ( ब्यूरो चीफ जालौन)✍️
उरई (जालौन)। जनपद जालौन के कालपी निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। उनका शव कानपुर नगर के सचेंडी थाना क्षेत्र से बरामद किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गयादीन अहिरवार बुधवार को उरई न्यायालय आए थे। न्यायालय से लौटकर कालपी पहुंचने के बाद उन्होंने अपने बेटे को स्टैंड पर बुलाया था। इसी दौरान एक व्यक्ति उनसे मिलने आया और फाइल पर चर्चा करने के बहाने उन्हें अपनी कार में बैठाकर ले गया। कार में कुल चार लोग सवार बताए गए हैं। कुछ समय बाद अधिवक्ता का मोबाइल फोन बंद हो गया, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न टीमों को सक्रिय किया। पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चन्द्र रावत स्वयं रातभर कालपी में मौजूद रहे और पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। जांच के दौरान तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली गई।
पुलिस टीमों ने रातभर कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। उनकी निशानदेही पर अधिवक्ता गयादीन अहिरवार का शव कानपुर नगर के सचेंडी थाना क्षेत्र से बरामद किया गया। फिलहाल पंचायतनामा और पोस्टमार्टम सहित अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू सहित अन्य संभावित कारणों की गहनता से जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है तथा घटना में प्रयुक्त कार और अन्य साक्ष्य बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चन्द्र रावत ने घटना और पुलिस कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी है।

