शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में दो जूनियर डॉक्टरों से शुक्रवार को तीमारदार व कांग्रेस नेताओं के मारपीट के विरोध में शनिवार को ओपीडी बंद कर दी गई। कांग्रेस नेताओं पर रिपोर्ट दर्ज न होने से खफा जूनियर डॉक्टरों ने सुबह धरना शुरू कर दिया। कार्य बहिष्कार के चलते ओपीडी में डॉक्टरों के चैंबरों पर ताले लटके रहे। इस बीच मरीज और तीमारदार मायूस होकर लौट गए।
बाद में पुलिस ने युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामजी अवस्थी समेत तीन नामजद व 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। शाम को नाराज कांग्रेसियों ने चौक कोतवाली का घेराव करते हुए दूसरे पक्ष की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
शुक्रवार की शाम कांग्रेस के युवा नेताओं व जूनियर डॉक्टर हर्षवर्धन व डॉ.अंशुमान के बीच मारपीट हो गई थी। इससे खफा जूनियर डॉक्टरों ने रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के लेटर पैड पर राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की थी।
रिपोर्ट दर्ज नहीं होने की जानकारी पर शनिवार सुबह ड्यूटी पर आए जूनियर डॉक्टर भड़क उठे और ओपीडी के ताले नहीं खुलने दिए। उन्होंने ओपीडी में पर्चा काउंटर भी बंद करा दिया और बाहर आकर धरना शुरू कर दिया।
प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार समझाने पहुंचे, पर डॉक्टरों ने सुरक्षा का हवाला देते हुए बात मानने से इन्कार कर दिया। उनके कार्य बहिष्कार के चलते ओपीडी परिसर के साथ ही ब्लड बैंक, सीटी स्कैन, खून की जांच, अल्ट्रासाउंड आदि की सेवाएं भी बाधित हो गईं।
ओपीडी बंद होने के कारण इमरजेंसी तक जाने के लिए मरीजों को व्हीलचेयर तक नहीं मिल सकी। ऐसे में मरीजों को उनके तीमारदार गोद में इमरजेंसी तक उठाकर ले गए। दूसरी ओर ट्रॉमा व इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ बढ़ गई।
—
-1500 से ज्यादा मरीज रोजाना पहुंचते हैं ओपीडी में।
-सुबह आठ बजे से दिन में दो बजे तक मरीजों को देखा जाता है ओपीडी में।
-100 से ज्यादा जूनियर डॉक्टर शामिल हैं रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन में।
-50 डॉक्टरों की ड्यूटी रोटेशन के हिसाब से लगती है ओपीडी में।
—
मरीजों ने कहा-उपचार नहीं मिलने से हुई परेशानी
डेंगू होने के कारण उपचार चल रहा है। दवा खत्म होने पर डॉक्टर को दिखाने आए थे। यहां हड़ताल होने के कारण दवा नहीं मिल सकी।
-रघुनाथ, अजीजपुर
—
फालिज का अटैक होने के कारण शरीर के आधे हिस्से में दिक्कत है। ओपीडी से ही दवा लेकर स्वस्थ हुए। सुबह ई-रिक्शे से आए थे। धरने के चलते लौटना पड़ा।
-हुलवाम सिंह, बिलंदापुर
—
दुर्घटना के कारण मुझे व बेटी को चोट आई थी। मेरा हाथ टूट गया था। डॉक्टर ने शनिवार को बुलाया था लेकिन यहां पर हड़ताल के कारण प्लास्टर नहीं चढ़ पाया। अब निजी अस्पताल में जाना पड़ेगा।
-खुशवती, फतेहपुर
—
आंत में दिक्कत आने के कारण मेडिकल कॉलेज से उपचार चल रहा है। रात में काफी दिक्कत आ गई थी। ऐसे में सुबह दवा लेने के लिए आए थे। यहां पर हड़ताल खत्म होने का इंतजार है, अब दूसरे डॉक्टर को दिखाएंगे।
-बजरंगी, रौसर कोठी
—
रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने दी तहरीर
दिल्ली के रहने वाले डॉ. हर्षवर्धन के अनुसार, शुक्रवार को शाम साढ़े तीन बजे रामा देवी को लेकर करीब पांच युवक आए। महिला का पैर कई वर्ष पहले जल गया था और देसी उपचार के कारण वहां मवाद भर गया था। उसके आने से पहले वह गंभीर मरीज को देख रहे थे। कुछ देर रुकने के लिए कहने पर सभी शोर मचाने लगे। करीब 40 मिनट के बाद करीब 15 लोग आए और उन्हें गाली देने लगे। साथ ही वीडियो बनाते हुए फोटो खींचकर सबक सिखाने की चेतावनी दी।
इसके बाद उनकी हरकत की शिकायत करने के लिए वह सीएमएस से बात करने गए। इसी दौरान अवकाश लेने के लिए सीएमएस से मिलने जा रहे डॉ. अंशुमान भी साथ हो गए। तभी प्रशासनिक कक्ष और डायलिसिस यूनिट के बीच छह से सात कारों से आए युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उनके व डॉ. अंशुमान के साथ मारपीट की। दोनों डॉक्टरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी।
—
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
डॉक्टर व युवा नेता के बीच मारपीट व गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी इसकी पुष्टि नहीं करती है। पूरे मामला सीसी कैमरे में भी रिकाॅर्ड होने की बात सामने आई है।
—
युवा जिलाध्यक्ष पर रिपोर्ट के विरोध में कांग्रेसियों ने कोतवाली घेरी, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में हुए विवाद में डॉक्टर की तहरीर पर पुलिस ने युवा जिलाध्यक्ष रामजी अवस्थी, शोभित समेत तीन नामजद व 10 से 15 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इससे कांग्रेस के पदाधिकारी भड़क उठे। कांग्रेसियों ने कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया। व्यस्त मार्ग पर काफी देर तक जाम लगा रहा। रविवार की सुबह दस बजे तक समस्या के समाधान का आश्वासन देकर धरना खत्म कराया गया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के धरने के बाद रामा देवी के भांजे संदीप तहरीर देने गए तो उन्हें व उनके साथी को पुलिस ने कोतवाली में हिरासत में ले लिया। जानकारी में आने के बाद कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता अपनी टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने इंस्पेक्टर प्रदीप राय से वार्ता की। दूसरी ओर से भी रिपोर्ट दर्ज करने की बात को लेकर कई बार नोकझोंक हुई। इस बीच कांग्रेसियों की ओर से कई बार सीएमएस से राजीनामे को लेकर बात करने का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं बनी।
सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने पहुंचकर मामले को शांत करने का प्रयास किया। इसके बाद पांच लोगों को बुलाकर वार्ता की। तय हुआ कि रविवार सुबह दस बजे तक मामले का हल निकाला जाएगा। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई तो उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर अदीब अहमद, पवन सिंह, रफी उल हसन, सईद अंसारी, राहिल अंसारी आदि मौजूद रहे।
—
डॉक्टर की तहरीर पर तीन नामजद व अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कांग्रेस की ओर से दी गई तहरीर पर जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-देवव्रत वाजपेयी, सीओ सिटी
—
प्राचार्य ने कहा-डॉक्टरों ने खत्म की हड़ताल
मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जूनियर डॉक्टराें से वार्ता की गई जिसके बाद डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल को खत्म कर दिया है। ओपीडी में सुरक्षा के इंतजाम बढ़ाए जाएंगे।
-डाॅ.राजेश कुमार, प्राचार्य
—
बिना जांच के रिपोर्ट दर्ज करना पुलिस की मनमानी है। हमारे साथी संदीप की ओर से दी गई तहरीर पर भी रिपोर्ट दर्ज होनी चाहिए थी। मेडिकल कॉलेज में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने पर मामला दर्ज कराया है। मामले को दिल्ली तक उठाया जाएगा।
-रामजी अवस्थी, जिलाध्यक्ष-युवा कांग्रेस
—
डॉक्टरों के खिलाफ भी दी गई तहरीर
तिलहर के गांव बरेंचा निवासी संदीप ने चौक कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह अपनी मौसी रामादेवी को भर्ती कराने के लिए गए थे। उनके साथ मित्र अनुज भी थे। वहां डॉ. हर्षवर्धन व अंशुमान तिवारी व तीन-चार अन्य डॉक्टरों ने बेड खाली नहीं होने की बात कहते हुए टाल दिया। आरोप है कि डॉक्टर ने फाइल हाथ से छीनकर फेंकते हुए जातिसूचक शब्दाें का इस्तेमाल किया, साथ ही जबरन खींचकर कमरे में ले जाने की कोशिश की। वहां से भागकर जान बचाई। उनके पीछे भी डॉक्टर आए और गाली-गलौज करते हुए परिसर से बाहर धकेलने लगे। आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने उनके साथ भी मारपीट की।

राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राइवेट वार्ड में भर्ती मारपीट में घायल डॉ. अंशुमान व हर्षवर्धन। संवाद

राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राइवेट वार्ड में भर्ती मारपीट में घायल डॉ. अंशुमान व हर्षवर्धन। संवाद

राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राइवेट वार्ड में भर्ती मारपीट में घायल डॉ. अंशुमान व हर्षवर्धन। संवाद

राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राइवेट वार्ड में भर्ती मारपीट में घायल डॉ. अंशुमान व हर्षवर्धन। संवाद

राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राइवेट वार्ड में भर्ती मारपीट में घायल डॉ. अंशुमान व हर्षवर्धन। संवाद

राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राइवेट वार्ड में भर्ती मारपीट में घायल डॉ. अंशुमान व हर्षवर्धन। संवाद

राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राइवेट वार्ड में भर्ती मारपीट में घायल डॉ. अंशुमान व हर्षवर्धन। संवाद

राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राइवेट वार्ड में भर्ती मारपीट में घायल डॉ. अंशुमान व हर्षवर्धन। संवाद
