कैराना। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड के आरोपी शूटर योगेश टुंडा और दीपक डबास के पुलिस हिरासत रिमांड पर बुधवार को सुनवाई नहीं हो सकी। दोनों आरोपियों की वीडियो माध्यम से पेशी नहीं हो पाई। अदालत ने अब सुनवाई के लिए बृहस्पतिवार की तारीख तय की है।

अंकित बालियान की हत्या 26 अगस्त की शाम को हुई थी। वह व्यायामशाला से लौटते समय बंतीखेड़ा में गोलियों का शिकार हुए थे। निगरानी कैमरे की फुटेज में चार हमलावरों के चेहरे कैद हुए थे। पुलिस ने 31 अगस्त को मुठभेड़ में हत्याकांड में शामिल सुमित और मोहित को मार गिराया था। एक लाख रुपये के इनामी सत्यम कादियान, आर्यन संधू और भोलू शाहपुरिया को भगोड़ा घोषित किया गया है। पुलिस ने हत्या की साजिश में तिहाड़ जेल में बंद योगेश टुंडा, दीपक डबास और दिनेश करालिया को आरोपी बनाया है। करनाल जेल में बंद राकेश पंपू भी इस मामले में आरोपी है।

योगेश टुंडा और दीपक डबास के पुलिस हिरासत रिमांड पर सुनवाई पहले 20 नवंबर को होनी थी। इसके बाद बुधवार की तारीख तय की गई थी। लेकिन वीडियो माध्यम से पेशी की सुविधा न होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित ने बताया कि अब सुनवाई बृहस्पतिवार को होगी।



Source link