कांधला। एलम निवासी युवक और देहरादून की युवती के बीच चल रहा शादी का विवाद अभी थमा नहीं है। दिल्ली में युवक की दूसरी शादी रुकने और बरात वापस लौटने के बाद युवती ने अब 26 नवंबर को एलम पहुंचकर पंचायत करने की बात कही है। युवती का कहना है कि वह युवक से शादी करना चाहती है और एलम में ही रहना चाहती है।
युवती ने कहा कि वह लोगों के सामने अपनी बात रखेगी। इससे पहले उसने कस्बे के गणमान्य लोगों से मुलाकात कर मदद मांगी थी। युवती ने चेतावनी दी थी कि यदि दो दिन में युवक पक्ष शादी के लिए तैयार नहीं हुआ तो वह एलम में पंचायत करेगी। अब उसने 26 नवंबर को पंचायत करने का एलान किया है। युवती के अनुसार, वह अपनी मांग से पीछे हटने वाली नहीं है। इससे पहले देहरादून निवासी युवती ने एलम पहुंचकर युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इसके बाद वह वापस घर लौट गई थी।
बीते शनिवार को युवक तीन कारों में बरात लेकर दिल्ली के मेट्रो विहार स्थित बैंक्वेट हॉल पहुंचा था। वहां वधू पक्ष ने शादी से इन्कार कर दिया। शादी के खर्च की रकम लौटाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। बाद में सात लाख रुपये देकर मामला निपटाया गया और बरात वापस लौट गई।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने इस मामले पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह मामला देहरादून का है। संबंधित प्रकरण में कार्रवाई देहरादून पुलिस ही करेगी। शामली पुलिस के स्तर से इस मामले में कार्रवाई का क्षेत्राधिकार नहीं बनता है।
