तुलसियापुर। बढ़नी ब्लॉक के सिसवा में ईंट-भट्ठे के पास स्थित मैदान में बृहस्पतिवार को शोहरतगढ़-इटवा तहसील प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें देहाती हंगामा की टीम ने आफताब फ्लैक्स को 15 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता के छठवें और अंतिम दिन खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिली।

फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी देहाती हंगामा की टीम ने निर्धारित छह ओवर में चार विकेट खोकर 80 रन बनाए। जवाब में 81 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आफताब फ्लैक्स की टीम छह ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 65 रन ही बना सकी। इस तरह देहाती हंगामा ने 15 रन से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में देहाती हंगामा ने अलाउद्दीन इलेवन को पांच रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए देहाती हंगामा ने आठ ओवर में पांच विकेट खोकर 102 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अलाउद्दीन इलेवन की टीम चार विकेट पर 97 रन ही बना सकी।

दूसरे सेमीफाइनल में आफताब फ्लैक्स ने डब्बू ऑटो पार्ट्स को नौ विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए डब्बू ऑटो पार्ट्स ने आठ ओवर में नौ विकेट खोकर 69 रन बनाए। जवाब में आफताब फ्लैक्स ने एक विकेट के नुकसान पर छठे ओवर में ही 70 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस दौरान आयोजक मनीष श्रीवास्तव, अलाउद्दीन खान, जितेंद्र गुप्ता, गौरव श्रीवास्तव, अबरार अहमद, विजय कुमार, तौफीक अहमद, सत्यम पांडेय, अवनीश श्रीवास्तव और स्कोरर रिजवान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

शिवम पंडित को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार : फाइनल मुकाबले में 10 गेंदों पर 22 रन बनाने वाले देहाती हंगामा के कप्तान शिवम पंडित को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में 234 रन बनाने और तीन विकेट लेने वाले आफताब फ्लैक्स के आशीष को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।



Source link

अभी अभी की खबरें