अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। केकेपुरी कॉलोनी में नव विवाहिता मीनू (29) की मौत के बाद मंगलवार को मायके पक्ष के लोगों ने नंदनपुरा स्थित श्मशान घाट पर जमकर हंगामा किया। नाराज मायके पक्ष ने नवविवाहिता का शव चिता से उतार लिया। पुलिस अफसरों ने किसी तरह समझाकर अंतिम संस्कार कराया। देर शाम पति समेत पांच के खिलाफ सीपरी बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। आरोपी पति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

सकरार के बहेरा गांव निवासी मीनू की 5 फरवरी को केकेपुरी कॉलोनी निवासी हिमांशु से शादी हुई थी। सोमवार को मीनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके माथे एवं गले में चोट के निशान मिले। यह देख मायके वालों ने हंगामा शुरू कर दिया। मीनू की बहन मोनू समेत अन्य परिजन जेठ-जेठानी समेत अन्य पर मारपीट का आरोप लगाने लगे। मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव पति हिमांशु को सौंप दिया। ससुरालजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर नंदनपुरा श्मशान घाट पहुंचे। यहां कुछ देर बाद मायके वाले पहुंच गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। चिता से शव नीचे उतार लिया गया। पुलिस ने भी उनको समझाने की कोशिश की लेकिन, पति समेत अन्य पर प्राथमिकी दर्ज कराने पर अड़ गए। करीब एक घंटे तक हंगामा होता रहा।

पुलिस के भरोसा दिलाने पर अंतिम संस्कार कराने पर राजी हुए। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे के मुताबिक पति हिमांशु समेत जेठ रोमेश उर्फ टोनी, जेठानी प्रीति, नंद हेम शिखा एवं ननदोई नीरज दीक्षित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *